राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान के डॉ. राहुल प्रकाश ने कलेक्टर से की मुलाकात

Posted on: 2026-09-09


धमतरी।  राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान–भारत सरकार के प्रचार एवं सामाजिक प्रसार विभाग के डॉ. राहुल प्रकाश ने जिले में बिहान योजना से जुड़े स्व-सहायता समूहों के लिए संचालित ग्रासरूट नवाचारों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने बीते दिनों कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा से भेंट कर नवाचारों की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।

कुरूद, मगरलोड एवं नगरी विकासखंडों के भ्रमण के दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर मशीनों के उपयोग, उत्पादन, कार्यप्रगति और आय पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी ली। राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान के सहयोग से समूहों को कॉटन विक मेकिंग, पेडल लिफ्टिंग, पैडी स्ट्रॉ कटर, सैक-बाड़ी ड्रायर, उन्नत दाल मिल, पत्तल-दोना, मक्का छिलाई और मल्टी स्पाइस ग्राइंडर जैसी उपयोगी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।

हितग्राहियों ने बताया कि इन नवाचारों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर बढ़े हैं। डॉ. राहुल प्रकाश ने प्राप्त फीडबैक जिला प्रशासन के साथ साझा करते हुए नवाचारों के बेहतर उपयोग, विस्तार और आवश्यक सहयोग पर चर्चा की।