केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आधुनिक हिंदी साहित्य के प्रणेता भारतेंदु हरिश्चंद्र की जयंती पर आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र ने भाव, भाषा और शैली में नवीनता का समावेश कर हिंदी को आधुनिक स्वरूप दिया। उनकी रचनाओं में ईश्वर की भक्ति के साथ समाज-सुधार की चेतना, स्त्री-शिक्षा का समर्थन और स्वाधीनता की प्रेरणा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। गृह मंत्री ने कहा कि भारतेंदु हरिश्चंद्र यह मानते थे कि किसी राष्ट्र की पहचान उसकी भाषा और संस्कृति से होती है। इसलिए वे मातृ भाषा को केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आत्मसम्मान और चेतना का आधार मानते थे।