विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की

Posted on: 2026-08-24


विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज मॉस्को के क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार, आर्थिक सहयोग और आगामी उच्चस्तरीय बैठकों पर चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर ने भारत-रूस संबंधों को मजबूत और लगातार बढ़ता हुआ बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति पुतिन को शुभकामनाएं दीं और उनका व्यक्तिगत संदेश सौंपा।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक और परमाणु सहयोग सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आगामी एससीओ शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की उम्मीद कर रहे हैं और भारत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में उनका स्वागत करेंगे। दोनों नेताओं की वार्षिक बैठक भी आपसी सुविधा के अनुसार होने की उम्मीद है।

इससे पहले आज डॉ. जयशंकर ने रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता की। बैठक में द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई। डॉ. जयशंकर कल दो दिन की रूस यात्रा पर मॉस्को पहुंचे थे। वे रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।