राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवा, खिलाड़ी व शैक्षणिक संस्थान एक साथ जुड़ेंगे, प्रधानमंत्री करेंगे संबोधित

Posted on: 2026-08-24


नई दिल्ली, 24 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 27 अगस्त को एक व्यापक युवा सहभागिता पहल ‘खेलो इंडिया डायलॉग - खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी का आभासी संबोधन भी होगा और उनके संबोधन के बाद सभी भाग लेने वाले स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम शुरू होंगे।

खेल मंत्रालय के अनुसार कार्यक्रम के तहत देशभर में 15 सौ से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान एक साथ जुड़ेंगे। यह राष्ट्रव्यापी पहल युवा खिलाड़ियों को अपने विचार, सुझाव और सोच साझा करने का सीधा मंच प्रदान करेगी। कार्यक्रम में आआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय सहित कई शैक्षणिक संस्थान भाग लेंगे।

इस पहल की एक प्रमुख विशेषता खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं और देश के अग्रणी खिलाड़ियों एवं पदक विजेताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। दीपा कर्माकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा जैसे प्रमुख खिलाड़ी, साथ ही जाने-माने क्रिकेटर, युवाओं से जुड़ेंगे और अपने खेल सफर, चुनौतियों और अनुभवों को साझा करेंगे।

इस पहल में सांसद, विधानसभा सदस्य, केंद्रीय मंत्री, राज्यमंत्री और राज्य खेल मंत्री भी युवाओं से जुड़ेंगे और चार निर्धारित विषयों पर उनके विचार और सुझाव प्राप्त करेंगे।