Posted on:
नई दिल्ली, 19 अगस्त। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत सांकेतिक गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारी शुरू हो गई, जिसकी वजह से कुछ देर में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक रिकवर कर हरे निशान में पहुंच गए। हालांकि लेकिन थोड़ी देर बाद ही बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से दोनों सूचकांकों ने वापस लाल निशान में गोता लगा दिया। पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली सुधार भी हुआ। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत और निफ्टी 0.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 17.41 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,218.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 130 अंक उछल कर हरे निशान में 77,347.81 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में शेयरों की बिक्री शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स 260 अंक से अधिक की कमजोरी के साथ 76,971.59 अंक के स्तर तक गिर गया।
इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना कर शेयर बाजार को सहारा देने की कोशिश की, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 241.92 अंक यानी 0.31 प्रतिशत टूट कर 76,993.54 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 2.85 अंक की सांकेतिक गिरावट के साथ 24,152.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 20 अंक से अधिक की तेजी दिखाते हुए हरे निशान में 24,172.85 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण यह सूचकांक दोबारा लाल निशान में गिर गया।
लगातार हो रही बिक्री की वजह से पहले 20 मिनट में ही निफ्टी करीब 90 अंक की कमजोरी के साथ 24,065.10 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया जिससे इस सूचकांक की चाल में मामूली सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 70.15 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,084.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,791 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,186 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,605 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से नौ शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 21 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से एटरनल, सन फार्मास्युटिकल्स, एचसीएल टेक्नोलॉजी, इंफोसिस और डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज के शेयर 0.97 प्रतिशत से लेकर 0.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोल इंडिया, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 1.92 प्रतिशत से लेकर 1.02 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 492.70 अंक यानी 0.63 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,235.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 132.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,154.90 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।