इंडोनेशिया के नॉर्थ सुमात्रा के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप

Posted on: 2026-08-18


देश की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भू-भौतिकी एजेंसी के अनुसार, मंगलवार को इंडोनेशिया के नॉर्थ सुमात्रा प्रांत में नियास द्वीप के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है। 

एजेंसी ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:02 बजे (0602 जीएमटी) आया। इसका केंद्र साउथ नियास रीजेंसी से लगभग 147 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 29 किलोमीटर की गहराई पर था। एजेंसी ने कहा कि इस भूकंप से सुनामी आने का कोई खतरा नहीं है।

ईस्ट नुसा तेंगारा में पहले आए भूकंप का अपडेट

बताना चाहेंगे यह घटना इस महीने की शुरुआत में आए एक और तेज भूकंप के बाद दर्ज हुई है। इससे पहले इंडोनेशिया के ईस्ट नुसा तेंगारा (एनटीटी) प्रांत में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी (बीएनपीबी) ने सोमवार को बताया कि उस भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है।

बीएनपीबी के रोकथाम विभाग के डिप्टी अब्दुल मुहारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि “मरने वालों में मंगराई रीजेंसी में 26, ईस्ट मंगराई में 24, नागेकेओ में आठ, सिक्का में चार और एंडे, वेस्ट मंगराई और नगाडा में दो-दो लोग शामिल हैं, जबकि 213 अन्य लोग घायल हुए हैं।”

मुख्य भूकंप के बाद से कम से कम 1,576 आफ्टरशॉक्स दर्ज

मुख्य भूकंप के बाद से कम से कम 1,576 आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) दर्ज किए गए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र नागेकेओ रीजेंसी में म्बे (एमबे) से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 15 किलोमीटर की गहराई पर था।

क्षति और राहत कार्य

भूकंप से 914 घर बुरी तरह, 126 मध्यम रूप से और 317 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। इससे 93 शिक्षण संस्थान, 36 स्वास्थ्य केंद्र और 38 सरकारी कार्यालय भी क्षतिग्रस्त हुए। प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें आम तौर पर कुछ प्रतिबंधों के साथ चालू हैं, और प्रभावित सात रीजेंसी में किसी भी निवासी के लापता होने की खबर नहीं है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगराई और नागेकेओ में दो फील्ड अस्पताल भेजे हैं और भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में मदद के लिए मेडिकल और संकट प्रबंधन टीमें तैनात की हैं। इस बीच, पश्चिमी और पूर्वी फ्लोरेस द्वीप पर बिजली की बहाली 99.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि पूरे फ्लोरेस में टेलीकम्युनिकेशन सेवाएं 95.4 प्रतिशत तक बहाल हो गई हैं।

इंडोनेशियाई सेना ने मुश्किल से पहुंचने वाले इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के काम को तेज करने के लिए अपने जवान और उपकरण भी तैनात किए हैं। प्रांतीय सरकार के एक आदेश के अनुसार, 15 अगस्त को आए भूकंप के बाद पूर्वी नुसा तेंगारा की प्रांतीय सरकार ने 14 दिनों के लिए आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी है।