पति हिमांशु से तलाक की अफवाहों पर भड़कीं अमृता खानविलकर

Posted on: 2026-08-10


मराठी सिनेमा और बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकी अभिनेत्री अमृता खानविलकर और उनके पति व अभिनेता हिमांशु मल्होत्रा पिछले कुछ समय से अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि दोनों करीब 18 महीनों से अलग-अलग पते पर रह रहे हैं, जिसके बाद उनके अलगाव की अटकलें तेज हो गईं।

अब अमृता की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए ऐसी खबरों पर नाराजगी जताई है और उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी अपमानजनक या निराधार जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अभिनेत्री की टीम ने अपने बयान में कहा कि कुछ ऑनलाइन, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अमृता खानविलकर और उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी ऐसी सामग्री प्रसारित की जा रही है, जो कथित तौर पर निराधार, मानहानिकारक और निजता का उल्लंघन करने वाली है। टीम ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का सम्मान किया जाता है, लेकिन इसके दुरुपयोग को गंभीरता से लिया जाएगा। बयान में यह भी स्पष्ट किया गया कि आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों को कानूनी परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।

अलग-अलग रहने की खबरों के बीच एक रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि अमृता और हिमांशु के बीच फिलहाल आधिकारिक रूप से अलगाव की कोई पुष्टि नहीं हुई है। सूत्र के मुताबिक, दोनों अपने रिश्ते में आपसी सम्मान और सौहार्द बनाए हुए हैं तथा व्यक्तिगत और व्यावसायिक मामलों के सिलसिले में एक-दूसरे से मिलते रहते हैं। ऐसे में अमृता की टीम के बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।