नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री देउवा बैंकॉक पहुंचे, 13 अगस्त को लौटेंगे स्वदेश

Posted on: 2026-08-10



काठमांडू, 10 अगस्त। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के पूर्व सभापति शेरबहादुर देउवा हांगकांग से बैंकॉक पहुंच गए हैं। उनके 13 अगस्त को नेपाल लौटने की संभावना है। उपचार के सिलसिले में करीब पांच महीने से विदेश में रह रहे देउवा के 11 अगस्त को स्वदेश लौटने की तैयारी थी। हांगकांग से बैंकॉक जाने के बाद उनके नेपाल लौटने का कार्यक्रम दो दिन आगे बढ़ गया है।

देउवा के करीबी नेताओं के अनुसार, वह शुक्रवार को हांगकांग से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक पहुंचे। अब बैंकॉक से ही उनके नेपाल लौटने का कार्यक्रम तय किया गया है। वह 13 अगस्त को थाई एयरवेज की उड़ान से नेपाल लौटेंगे।

नेपाली कांग्रेस के देउवा समूह के तत्वावधान में 14 अगस्त को काठमांडू के राष्ट्रीय सभा हॉल में सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इस में भाग लेने के लिए देशभर से नेता और कार्यकर्ता काठमांडू पहुंच रहे हैं। देउवा 13 अगस्त को दोपहर बैंकॉक से त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे।

जेन-जी आंदोलन के दौरान पिछले साल 10 सितंबर को बूढानीलकंठ स्थित देउवा के आवास में आगजनी की गई थी। इस दौरान देउवा दंपति पर भी हमला हुआ था।

देउवा दंपति बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर गए थे। उपचार के बाद नेपाल लौटे देउवा फॉलो-अप उपचार के लिए इस साल 25 फरवरी को फिर सिंगापुर गए थे। सिंगापुर से वह उपचार के लिए अपनी पत्नी आरजू राणा देउवा के साथ हांगकांग पहुंचे थे। लंबे समय तक हांगकांग में रहने के बाद वह शुक्रवार को बैंकॉक पहुंचे ।