वीबी -ज़ी.राम जी अंतर्गत जिले की 476 ग्राम पंचायतों में 555 कार्य स्वीकृत

Posted on: 2026-08-06


बलौदाबाजार, 6 अगस्त। विकसित भारत– रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी- जी राम जी के अंतर्गत जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में ग्रामीण विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

जिले की कुल 519 ग्राम पंचायतों में से 476 ग्राम पंचायतों के लिए 555 विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है।

योजनांतर्गत जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों में श्रमिकों की मांग के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्थानीयस्तर पर आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है। स्वीकृत कार्यों में जल सुरक्षा, जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक मूलभूत अधोसंरचना के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है।

विकासखंडवार बलौदाबाजार की 104 ग्राम पंचायतों में 139 कार्य, भाटापारा की 85 ग्राम पंचायतों में 105 कार्य, कसडोल की 111 ग्राम पंचायतों में 135 कार्य, पलारी की 72 ग्राम पंचायतों में 72 कार्य तथा सिमगा की सभी 104 ग्राम पंचायतों में 104 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। शेष 43 ग्राम पंचायतों में भी कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया प्राथमिकता के साथ पूर्ण की जा रही है। जिला प्रशासन का उद्देश्य मांग करने वाले प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ग्राम पंचायतों को जल-सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं आधारभूत सुविधाओं से सशक्त बनाना है।