Posted on:
नई दिल्ली, 05 अगस्त ।
दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ पर जीत के बाद वेस्ट दिल्ली लायंस के कार्यवाहक कप्तान आयुष दोसेजा ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरकर अपनी रणनीति को पूरी तरह सफल बनाया।
दोसेजा ने कहा, "यह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण जीत थी। कल की हार के बाद हम सकारात्मक मानसिकता के साथ वापसी करना चाहते थे। हमने अच्छी योजना बनाई, सकारात्मक रहे और अपनी रणनीति को पूरी तरह अमल में उतारा। कप्तान के तौर पर जिस तरह खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी निभाई, उससे मैं बेहद खुश हूं।"
उन्होंने मैच के हीरो मयंक गुसाईं की जमकर तारीफ की। गुसाईं ने गेंदबाजी में चार ओवर में मात्र 13 रन देकर तीन विकेट लिए और बाद में 10 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
दोसेजा ने कहा, "मयंक ने शानदार गेंदबाजी की। वह बेहतरीन ऑलराउंडर हैं, लेकिन आज उनकी गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। टी20 मैच में चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर तीन विकेट लेना शानदार प्रदर्शन है। उन्होंने जीत में सबसे बड़ा योगदान दिया और 'प्लेयर ऑफ द मैच' के हकदार थे।"
अपनी बल्लेबाजी पर दोसेजा ने कहा, "जब मैं बल्लेबाजी करने आया तब स्थिति थोड़ी चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि हम शुरुआती विकेट गंवा चुके थे। मेरी योजना पहले कुछ गेंदें खेलकर परिस्थितियों को समझने की थी। इसके बाद जब मुझे गैप मिलने लगे तो मैंने सकारात्मक क्रिकेट खेलते हुए लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल करने की कोशिश की।"
बारिश से प्रभावित परिस्थितियों पर उन्होंने कहा, "बारिश की वजह से हमारी योजनाओं में कुछ बदलाव करना पड़ा और अंतिम एकादश में भी परिवर्तन करने पड़े। लेकिन टीम का हर खिलाड़ी मौके के लिए तैयार था। सभी ने परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाला और टीम की जीत में योगदान दिया।"
इस जीत के साथ वेस्ट दिल्ली लायंस ने डीपीएल 2026 में तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में चार अंक हासिल कर लिए।