Posted on:
धमतरी, 04 अगस्त। नगर निगम क्षेत्र और ग्रामीण अंचलों की विभिन्न जनसमस्याओं तथा विकास कार्यों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम के पार्षदों और भखारा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में विवेकानंद वार्ड, जोघापुर वार्ड सहित विभिन्न वार्डों में स्थित जर्जर अटल आवासों के तत्काल जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण की मांग की गई। इसके अलावा जिला अस्पताल में लंबे समय से डायलिसिस विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी दूर करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भखारा में नियमित एमबीबीएस चिकित्सक की नियुक्ति करने तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोरिद भाट में विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने नयापारा वार्ड में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के निर्माण की स्वीकृति देने, रिसाईपारा पश्चिम वार्ड सहित नगर निगम के विभिन्न वार्डों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों में तेजी लाने की भी मांग की। साथ ही नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई। कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूरा कराया जाएगा।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भखारा के अध्यक्ष होमेन्द्र साहू, नगर पंचायत भखारा के नेता प्रतिपक्ष अविनाश गौर, नगर निगम धमतरी के उपनेता प्रतिपक्ष विशुदेवांगन, पार्षद योगेश लाल, पूर्णिमा रजक, भागी ध्रुव, गजानंद रजक सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।