शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म के म्यूजिक राइट्स करीब 50 करोड़ रुपये में जी म्यूजिक को बेचे जाने की तैयारी है, जिसे हाल के वर्षों की बड़ी म्यूजिक डील्स में से एक माना जा रहा है। हालांकि, इस पर जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका ने कहा है कि बातचीत अभी जारी है और कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है।
एक बातचीत में पुनीत गोयनका ने कहा कि वह डील की कीमत पर टिप्पणी नहीं करेंगे, क्योंकि समझौते पर अभी हस्ताक्षर नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि जी म्यूजिक हमेशा निर्माताओं के साथ रॉयल्टी शेयर करने की नीति पर काम करता है और पिछले सात वर्षों में कंपनी ने निर्माताओं को रिकॉर्ड स्तर की रॉयल्टी का भुगतान किया है। वहीं, म्यूजिक राइट्स के मामले में फिल्म 'रामायण' भी चर्चा में है, जिसके दोनों भागों के अधिकार टी-सीरीज द्वारा कथित तौर पर बड़ी राशि में हासिल किए गए हैं।
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स फिल्म्स के बैनर तले बन रही 'किंग' में शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म में अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सचिन-जिगर फिल्म के गीतों का संगीत तैयार कर रहे हैं, जबकि अनिरुद्ध रविचंदर बैकग्राउंड स्कोर देंगे। यह फिल्म दिसंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।