धमतरी, । नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर मराठा मंगल भवन, धमतरी में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम से पूर्व प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने नूतन विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल प्रकृति के संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है।
शाला प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया, शाला गणवेश प्रदान किए तथा सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक सहायक सामग्री (किट) प्रदान कर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया। इस अवसर पर शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। प्रभारी मंत्री ने बच्चों के साथ आत्मीयता से न्योता भोजन भी किया, जिससे नवप्रवेशी विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व, आत्मविश्वास और उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में जिले की शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों में विकसित अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचारों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, समावेशी और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलता तिवारी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा एवं महापौर रामू रोहरा ने भी संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और उत्कृष्ट नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर, पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू, प्रकाश बैस जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।