छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति हेतु बैंक खाता का आधार सीडिंग करवाने अंतिम तिथि तीन अगस्त

Posted on: 2026-07-29


जगदलपुर, 29 जुलाई  बस्तर जिले में संचालित सभी शासकीय एवं अशासकीय विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कॉलेज, पालीटेक्निक, आईटीआई आदि में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राएं जो आदिम जाति कल्याण विभाग की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते हैं बैंक खाता एवं आधार सीड‍िंग संबंधी संशोधन तीन अगस्‍त तक कर सकते हैं।

इसके ल‍िए संस्थाओं के प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों एवं छात्रवृत्ति प्रभारियों को न‍िर्देश‍ित क‍िया गया है। शिक्षा सत्र 2022-23 और 2025-26 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए बैंक खाता एवं आधार सीडिंग संबंधी संशोधन की कार्रवाई वेबसाईट postmatric-scholarship.cg.nic.in पर आनलाइन माध्यम से की जा रही है। जिसके अंतर्गत आनलाइन वेबसाईट पर जिन छात्र-छात्राओं का बैंक खाता गलत है उसे सुधार करने तथा बैंक खाता का आधार सीडिंग नहीं है, उसे सीडिंग करवाने के लिए अंतिम तिथि 03 अगस्त तक निर्धारित की गई है।

सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उक्त निर्धारित तिथि तक छात्र-छात्राओं को शिक्षा सत्र 2022-23 और 2025-26 के लिए बैंक खाता आनलाइन संशोधन एवं बैंक खाता का आधार सीडिंग पूर्ण करवाकर संबंधित संस्था प्रमुखों के द्वारा कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जगदलपुर में सूचित किया जाना है। उक्त नियत तिथि के पश्चात किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए अवसर प्रदाय नहीं किया जाएगा।