करूर, 29 जुलाई तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के विधायक एवं पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी के आवास सहित छह स्थानों पर बुधवार को राज्य के भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता निदेशालय (डीवीएसी) ने एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई करूर स्थित उनके घर, तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (टास्मैक) के जिला प्रबंधक कार्यालय तथा उनसे जुड़े अन्य परिसरों में की जा रही है। कई घंटे से जारी इस कार्रवाई से राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।
डीवीएसी की टीम ने सुबह से करूर के रामेश्वरपट्टी स्थित सेंथिल बालाजी के आवास पर तलाशी अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई टास्मैक में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
सेंथिल बालाजी के आवास के अलावा नेरूर के समीप कोयंबल्ली में द्रमुक करूर पूर्वी इकाई के सचिव भास्करन के घर, मूर्तिपालयम में उनके सहयोगी सुब्रमणि के आवास तथा करूर शक्ति मेस के संचालक एवं उनके करीबी सहयोगी कार्ति के कोधई नगर स्थित अपार्टमेंट में भी एक साथ तलाशी ली जा रही है। वहीं, करूर औद्योगिक क्षेत्र स्थित टास्मैक के जिला प्रबंधक कार्यालय में भी सुबह करीब आठ बजे से दस्तावेजों और अभिलेखों की गहन जांच जारी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, करूर के अलावा ईरोड स्थित टास्मैक के गोदाम में भी डीवीएसी की टीम ने छापेमारी की है। हालांकि विभाग की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने और जब्त दस्तावेजों की जांच के बाद ही कार्रवाई के आधार और उससे जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।
इस बीच, सेंथिल बालाजी एक अन्य मामले को लेकर भी जांच एजेंसियों के दायरे में हैं। कृष्णागिरि जिले के ऊथंगरई विधानसभा क्षेत्र से तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के विधायक इलैयाराजा ने चेन्नई पुलिस आयुक्त से शिकायत कर आरोप लगाया था कि विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव के समर्थन में मतदान करने के लिए उन्हें 35 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी।
इस शिकायत के आधार पर चेन्नई के तिरुवल्लिक्केणी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सेंथिल बालाजी और उनके भाई अशोक कुमार को पूछताछ के लिए समन जारी किया था। हालांकि दोनों ने अदालत से सशर्त अग्रिम जमानत प्राप्त कर ली थी।