नई दिल्ली, 27 जुलाई पश्चिम एशिया में पिछले दो सप्ताह से अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग के थमने का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत पर भी नजर आ रहा है। दोनों देशों द्वारा बमबारी रोकने के कारण आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड की कीमत में जबरदस्त गिरावट आ गई। ब्रेंट क्रूड फिसल कर 88 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से भी नीचे पहुंच गया, वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड लुढ़क कर 82 डॉलर के स्तर के करीब आ गया।
सीजफायर खत्म होने के बाद अमेरिका और ईरान दोनों देशों ने एक दूसरे के ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए थे। दोनों देश एक दूसरे के ठिकानों पर लगातार 14 दिन तक बमबारी करते रहे, जिसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 102 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के करीब पहुंच गई थी। अब दोनों देशों द्वारा एक दूसरे के ठिकानों पर हमला रोकने के बाद आज के कारोबार में कच्चे तेल की कीमत में तेज गिरावट दर्ज की गई है। आज कच्चे तेल की कीमत में दस प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट की वजह से ब्रेंट क्रूड लुढ़क कर इंट्रा-डे में 87.61 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक गिर गया। इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड भी लुढ़क कर 82.12 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ने आज 6.44 डॉलर प्रति बैरल यानी 6.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.94 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। ट्रेडिंग शुरू होने के बाद इसकी कीमत 10.77 डॉलर प्रति बैरल यानी 10.95 प्रतिशत फिसल कर 87.61 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गई। हालांकि बाद में इसकी कीमत में मामूली तेजी भी आई। भारतीय समय के मुताबिक शाम 5:30 बजे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 8.97 डॉलर प्रति बैरल यानी 9.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 89.41 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
ब्रेंट क्रूड की तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड ने आज 5.76 डॉलर प्रति बैरल यानी 6.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.71 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से आज के कारोबार की शुरुआत की। कारोबार शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही डब्ल्यूटीआई क्रूड 8.35 डॉलर प्रति बैरल यानी 9.23 प्रतिशत लुढ़क कर 82.12 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि बाद में इसकी कीमत में भी मामूली तेजी दर्ज की गई। भारतीय समय के मुताबिक सुबह 5:30 बजे अंतरराष्ट्रीय बाजार में डब्ल्यूटीआई क्रूड 7.28 डॉलर प्रति बैरल यानी 8.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 83.19 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था।