700 विद्यार्थियों ने लिया सड़क सुरक्षा का संकल्प, आत्मानंद स्कूल में ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान

Posted on: 2026-07-18



कोरबा, 18 जुलाई । सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, पंप हाउस में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और यातायात पुलिस द्वारा शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 700 विद्यार्थियों ने भाग लेकर सुरक्षित यातायात से जुड़े नियमों और जिम्मेदारियों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में आरटीओ अधिकारी अतुल असैया तथा सदानंद जांगड़े के मार्गदर्शन में यातायात शाखा के एएसआई मनोज राठौर, ईश्वरी लहरे, संजय, संतोष सिंह, अजय राजवाड़े सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतकों का पालन करने की जानकारी दी। साथ ही पैदल चलने वालों के लिए निर्धारित नियमों और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया। इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

यातायात शाखा के एएसआई मनोज राठौर ने कहा कि "सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि छोटी उम्र से ही बच्चों में यातायात नियमों का पालन करने की आदत विकसित हो जाए तो वे स्वयं सुरक्षित रहेंगे और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक करेंगे। बच्चों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश घर-घर तक पहुंच सकता है, जिससे दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।"

विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।