बेल्जियम दौरे के बाद भारतीय जूनियर टीम से खुश कोच फ्रेडरिक सोयेज, कहा- हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं

Posted on: 2026-07-18


एंटवर्प, 18 जुलाई । भारतीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज ने बेल्जियम दौरे के समापन पर टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरे ने खिलाड़ियों को सीखने, खुद को निखारने और एक मजबूत टीम के रूप में विकसित होने का बेहतरीन अवसर दिया।

भारतीय टीम ने 5 से 18 जुलाई तक चले छह मैचों के इस एक्सपोजर दौरे का समापन नीदरलैंड पर 4-3 की रोमांचक जीत के साथ किया।

सोयेज ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, "बेल्जियम का यह दौरा मैदान के अंदर और बाहर, दोनों ही लिहाज से शानदार अनुभव रहा। मजबूत टीमों के खिलाफ कठिन परिस्थितियों में खेलने से खिलाड़ियों को सीखने, विकास करने और टीम के रूप में आगे बढ़ने का अमूल्य अवसर मिला।"

भारत ने अपने अभियान की शुरुआत वाव्रे स्थित बेल्फियस हॉकी एरिना में ऑस्ट्रिया के खिलाफ 2-4 की हार से की थी। हालांकि, टीम ने अगले ही मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रिया को 4-1 से हराया।

इसके बाद भारत को मेजबान बेल्जियम के खिलाफ 2-3 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। चौथे मैच में जर्मनी ने अंतिम मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 1-0 से मात दी। पांचवें मुकाबले में बेल्जियम ने भारत को 4-2 से हराया, लेकिन अंतिम मैच में भारतीय टीम ने शानदार आक्रामक खेल दिखाते हुए नीदरलैंड को 4-3 से हराकर दौरे का समापन जीत के साथ किया।

कोच सोयेज ने कहा, "परिणामों से भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह रहा कि टीम ने हर मैच के साथ अपने प्रदर्शन में सुधार किया। खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता, परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता और सीखने की इच्छा हर मुकाबले में दिखाई दी।"

उन्होंने कहा, "बेल्जियम और जर्मनी के खिलाफ हमें मामूली अंतर से हार मिली, लेकिन हमारा प्रदर्शन काफी उत्साहजनक रहा। इन मुकाबलों से हमें कई सकारात्मक सीख मिली। दौरे के अंतिम मैच में टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और नीदरलैंड पर जीत दर्ज कर यह साबित किया कि हमने इस दौरान कितना विकास किया है। खिलाड़ियों ने शानदार जुझारूपन और चरित्र का परिचय दिया।"

आगामी प्रतियोगिताओं को देखते हुए सोयेज ने कहा कि इस दौरे का अनुभव खिलाड़ियों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा, "बेशक अभी हमें कुछ क्षेत्रों में और काम करना है, खासकर प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने और मैच के अहम मौकों का बेहतर फायदा उठाने पर। लेकिन हमारी प्रगति साफ दिखाई दे रही है। इस दौरे ने हमें विश्वास दिलाया है किसी हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और इसने भविष्य की तैयारियों के लिए मजबूत आधार तैयार किया है।"