जगदलपुर, 16 जुलाई । बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन को लेकर भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) तथा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पूरे मामले की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मोहन मरकाम ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और नैतिक चेतना के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर के श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धा से दिए गए चंदे के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय है।
उन्होंने दावा किया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्र के इस्तीफे स्वीकार किए जा चुके हैं, जिससे मामले की गंभीरता स्पष्ट होती है। साथ ही ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे, वित्तीय पारदर्शिता और विभिन्न नियुक्तियों को लेकर भी सवाल उठाए।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट के बड़े आयोजनों, चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद और व्यय को लेकर कई तरह की अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायतें हैं तो उनकी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस की ओर से इस मामले में प्रधानमंत्री से सार्वजनिक जवाब देने की मांग की गई। मरकाम ने कहा कि केंद्र सरकार ट्रस्ट के गठन और उसकी प्रशासनिक निगरानी में अपनी भूमिका स्पष्ट करे। उन्होंने कथित रूप से मामले से जुड़े लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में कराने, वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर नया पारदर्शी एवं जवाबदेह ट्रस्ट गठित करने तथा मंदिर निर्माण से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
मरकाम ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, गौरनाथ नाग, महामंत्री अल्ताफ उल्ला खान, प्रशांत जैन, ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, लता निषाद, चम्पा ठाकुर, वेंकट राव, विजेंद्र ठाकुर, एस. नीला सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे