Posted on:
बलरामपुर, 14 जुलाई । बलरामपुर जिले के राजपुर नगर पंचायत के पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि प्रदेश, केंद्र और नगर पंचायत में एक ही दल की सरकार होने के बावजूद विकास कार्यों और प्रशासनिक मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायतों पर भी प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
आज मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में पार्षद विश्वास कुमार गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत में स्ट्रीट लाइट खरीदी, सीएमओ पर लगाए गए डीजल चोरी के आरोप तथा परिषद बैठक पंजी में कथित कूटरचना कर प्रतीक्षा बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाने से जुड़े मामलों में अध्यक्ष ने शिकायतें की थीं, लेकिन अब तक इन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
उन्होंने दावा किया कि डीजल चोरी के मामले में आरोप प्रमाणित होने के बावजूद संबंधित सीएमओ के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि यदि नगर पंचायत अध्यक्ष की शिकायतों पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। पार्षद ने कहा कि यदि अध्यक्ष अपने ही कार्यकाल में उठाए गए मुद्दों का समाधान नहीं करा पा रहे हैं, तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।