ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर द्वारा रणनीतिक जलमार्ग को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा के कुछ घंटों बाद, अमरीकी सेंट्रल कमान ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वैध आवागमन चाहने वाले जहाजों के लिए खुला है।
यह बयान अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के संवाददाता सम्मेलन में यह कहने के बाद आया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला है।
अमरीकी सेंट्रल कमान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जलडमरूमध्य से समुद्री यातायात सुचारू रूप से चल रहा है और अमरीकी सेनाएं ईरानी आक्रामकता, उत्पीड़न, धमकियों और मनमानी घोषणाओं के बावजूद नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए तैनात हैं। उसने कहा कि ईरान का होर्मुज जलडमरूमध्य पर कोई नियंत्रण नहीं है और सुरक्षित पारगमन मार्ग खुले हैं। अमरीकी सेंट्रल कमान ने कहा कि अमरीकी सेनाओं ने पिछले दो महीनों में 800 से अधिक जहाजों और 4 करोड़ बैरल से अधिक कच्चे तेल के परिवहन में सहायता की है।
इससे पहले, ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य में एक वाणिज्यिक पोत पर हमला करने और उसे आग लगाकर चालक दल को जहाज छोड़ने के लिए मजबूर करने के बाद, अमरीका ने ईरान पर नए हवाई हमले किए। कमान के अनुसार, हमलों में मिसाइल, ड्रोन और संचार सुविधाओं सहित लगभग 140 ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
ईरान ने बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। कतर और कुवैत ने कहा कि उन्होंने आने वाली मिसाइलों को रोक लिया, जबकि बहरीन ने मिसाइल अलर्ट जारी कर दिया। ईरान ने जॉर्डन में एक अमरीकी सैन्य अड्डे पर भी हमला करने का दावा किया।
इस ताजा तनाव ने क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा बाजारों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार के एक महत्वपूर्ण हिस्से के लिए एक महत्वपूर्ण शिपिंग मार्ग है।