बिलाईगढ़ । नगर पंचायत बिलाईगढ़ में नगर विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने "सीएमओ भगाओ, नगर बचाओ" अभियान के तहत रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बिलाईगढ़ को सौंपते हुए नगर की प्रमुख समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने वर्षों से अधूरे पड़े गौरवपथ निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने, सभी परमिट यात्री बसों का नगर के भीतर प्रवेश सुनिश्चित करने तथा नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) का तत्काल स्थानांतरण कर उनके खिलाफ की गई शिकायतों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
नगरवासियों का कहना है कि गौरवपथ का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर के भीतर यात्री बसों का प्रवेश बंद होने से यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आम जनता की परेशानियां बढ़ गई हैं
प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने सीएमओ के कार्यों पर भी सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ की गई शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। उनका कहना है कि यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी तो वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
वहीं, ज्ञापन प्राप्त करने के बाद अनुविभागीय अधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि सीएमओ के स्थानांतरण का अधिकार उनके पास नहीं है, लेकिन उनकी मांगों और शिकायतों को संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गौरवपथ निर्माण और बसों के नगर प्रवेश से संबंधित मांगों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो नगर बंद, चक्काजाम और व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।