मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिनों में मानसून के उत्तर-पश्चिमी भारत की ओर बढ़ने की संभावना है।

Posted on: 2026-07-08


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरी अरब सागर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।
 
मौसम विभाग ने आज उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण, गोवा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी दिन के दौरान मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है। गुजरात क्षेत्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में गरज के साथ आंधी आने की आशंका है।
 
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि आज आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। 
 
इस बीच, आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बारिश हुई।