बलरामपुर, 07 जुलाई । उत्तर छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब नदियों में साफ दिखाई देने लगा है। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित कन्हर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में पानी की आवक बढ़ने से एनीकट के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी और एनीकट के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।
मानसून की लगातार बारिश से बलरामपुर जिले की प्रमुख कन्हर नदी पूरे उफान पर है। बीते दो-तीन दिनों से हो रही वर्षा के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रामानुजगंज स्थित एनीकट पूरी तरह पानी से भर चुका है और उसके ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा है। नदी का रौद्र रूप देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन तेज बहाव को देखते हुए स्थिति जोखिम भरी बनी हुई है।
जानकारों के मुताबिक कन्हर नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र और पहाड़ी इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। इसी वजह से नदी में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। तेज बहाव के चलते एनीकट पूरी तरह जलमग्न हो गया है और कई स्थानों पर पानी का दबाव पहले की तुलना में काफी बढ़ गया है।
कन्हर नदी उत्तर छत्तीसगढ़ की प्रमुख नदियों में शामिल है। इसका उद्गम जशपुर जिले के खुड़िया पठार से होता है। इसके बाद यह बलरामपुर जिले से गुजरते हुए झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा के साथ बहती है। सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए यह नदी जल का प्रमुख स्रोत होने के साथ-साथ भौगोलिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
बारिश का दौर जारी रहने के कारण प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर लोगों को नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों, एनीकट और पुल-पुलियों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है। यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश इसी तरह होती रही तो नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष मानसून के दौरान कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ता है, लेकिन इस बार लगातार हो रही बारिश के कारण नदी ने शुरुआती दौर में ही उफान पकड़ लिया है। ऐसे में प्रशासन भी स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरत रहा है।