विक्रांत मैसी की नई वेब सीरीज 'मुसाफिर कैफे' 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर

Posted on: 2026-07-01


अभिनेता विक्रांत मैसी की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'मुसाफिर कैफे' का टीजर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही निर्माताओं ने सीरीज की रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया है। मशहूर लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास पर आधारित यह रोमांटिक ड्रामा तीन अजनबियों की जिंदगी और उनके बीच बनने वाले अनोखे रिश्तों की कहानी पेश करेगा। सीरीज में विक्रांत के साथ वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी, जबकि आदिल हुसैन और राजीव सिद्धार्थ अहम सहायक किरदार निभाते दिखाई देंगे।

निर्देशक रुचिर अरुण के निर्देशन में बनी यह सीरीज भोपाल और मसूरी की खूबसूरत वादियों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी चंदर मोहन शर्मा (विक्रांत मैसी), सुधा (वेदिका पिंटो) और प्रीति (महिमा मकवाना) के इर्द-गिर्द घूमती है। तीनों एक-दूसरे के लिए पूरी तरह अजनबी होते हैं, लेकिन कुछ अप्रत्याशित मुलाकातें उनकी जिंदगी की दिशा बदल देती हैं और उन्हें भावनात्मक सफर पर ले जाती हैं।

'मुसाफिर कैफे' विक्रांत मैसी के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि इस सीरीज के जरिए वह अभिनय के साथ-साथ सह-निर्माता के रूप में भी नई शुरुआत कर रहे हैं। सीरीज का निर्माण टेरिबली टाइनी टेल्स और होममेड स्टोरीज ने मिलकर किया है। यह रोमांटिक ड्रामा 24 जुलाई से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।