पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति सामान्य, प्रशासन व निहंग प्रतिनिधियों के बीच वार्ता शुरू

Posted on: 2026-06-26


देहरादून, 26 जून । पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बीच पांवटा साहिब सीमा पर स्थिति सामान्य है। गुरुद्वारा पांवटा साहिब में आज निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता शुरू हो गई है।

निहंग सिख समुदाय के एकत्र होने पर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शुक्रवार को पांवटा साहिब स्थित उत्तराखंड सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सीमा पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच और निगरानी की जा रही है। इस बीच प्रशासन की ओर से गुरुद्वारा पांवटा साहिब में निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता जारी है।

इस संबंध में देहरादून जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इससे किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है और प्रशासन एवं पुलिस प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी कर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि शुकवार को कोतवाली विकासनगर की कुल्हाल चौकी में उपद्रवी निहंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 16 जून को कर्णप्रयाग में मारपीट प्रकरण में गिरफ्तार चार साथियों की रिहाई के लिए निहंगों ने 25 जून को उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था। इसके बाद गुरुवार रात को बड़ी संख्या में निहंग हिमाचल प्रदेश की सीमा से उत्तराखंड में घुसे थे।