कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नीट परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

Posted on: 2026-06-19


रायपुर, 19 जून । कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नीट परीक्षा के दो दिन पूर्व आज शुक्रवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।


उन्होंने अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि, बारिश की स्थिति में किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो। केंद्र में पर्याप्त शेड की व्यवस्था करें ताकि फ्रिस्किंग करने एवं अन्य व्यवस्थाओं में असुविधा न हो। साथ ही फ्रिस्किंग स्थल पर भी शेड एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कलेक्टर डॉ सिंह ने पीएमश्री आत्मानंद आर.डी. तिवारी विद्यालय आमापारा, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 डी.डी.यू नगर तथा एनआईटी स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

डॉ. सिंह ने स्वयं कक्षाओं के भीतर पहुंचकर बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर डीसीपी मयंक गुर्जर, एसडीएम नंदकुमार चौबे, एडीसीपी राहुल देव शर्मा, डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किण्डो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।