बलरामपुर : शाला प्रवेश उत्सव में गूंजीं बच्चों की खुशियां, उत्साह के साथ शुरू हुआ नया शिक्षा सत्र

Posted on: 2026-06-16


बलरामपुर, 16 जून । आज मंगलवार को जिलेभर के विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों में अधिकारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा नवप्रवेशी बच्चों का पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। अधिकारियों ने पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील भी की।

शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन के साथ अध्ययन करने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय पहुंचे नवप्रवेशी बच्चों के चेहरों पर नए माहौल से जुड़ने की खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं पालकों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं पालकों की सक्रिय सहभागिता भी देखने को मिली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।

अधिकारियों ने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, कक्षाओं की व्यवस्था, पाठ्यपुस्तक वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधितों को मिलकर प्रयास करना होगा।

शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। जिले में आयोजित इस उत्सव के माध्यम से बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है और नए शैक्षणिक सत्र की सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शुरुआत हुई है।