बिलासपुर। तारबाहर स्थित विनोद गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलिंडर की फर्जी डिलीवरी दिखाकर उपभोक्ताओं के नाम पर खेल कर दिया। शांति विहार निवासी मनीष मिश्रा को बिना सिलिंडर पहुंचाए ही कंपनी के रिकार्ड में डिलीवरी और 1002 रुपये का भुगतान दर्ज कर दिया गया। अधिकारियों से न्याय न मिलने पर आखिरकार पीड़ित की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। पीड़ित मनीष मिश्रा का घरेलू गैस कनेक्शन भारत गैस कम्पनी में है, जो विनोद गैस एजेंसी का है।
उन्होंने 12 मार्च 2026 को गैस सिलिंडर बुक कराया था, जिसकी बुकिंग आईडी 70274 थी। आरोप है कि सिलिंडर की वास्तविक डिलीवरी कभी हुई ही नहीं, लेकिन कंपनी के मोबाइल एप में 18 मार्च 2026 को गैस सिलिंडर डिलीवर दिखाकर 1002 रुपये कैश ऑन डिलीवरी भुगतान भी दर्ज कर दिया। मामला तब और गंभीर हो गया जब उपभोक्ता ने अपने गैस कार्ड और मोबाइल एप के रिकॉर्ड का मिलान किया।
उपभोक्ता कार्ड में अब तक सिर्फ तीन बार गैस सिलिंडर की विधिवत डिलीवरी दर्ज है, जबकि मोबाइल एप में अलग-अलग तारीखों में करीब 10 बार गैस सप्लाई दिखाई जा रही है। यहीं से फर्जी डिलीवरी और सिलेंडरों के घोटाले की आशंका गहराई। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस और जिला खाद्य विभाग से लेकर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के बिलासपुर और मुंबई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय तक में दर्ज कराई थी। हर जगह चक्कर काटने और लंबा समय बीतने के बाद भी जब कोई ठोस विभागीय कार्रवाई नहीं हुई, तब जाकर पुलिस ने इस जालसाजी पर वैधानिक कदम उठाया है। TAGS