बांग्लादेश वनडे श्रृंखला से बाहर हुए मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस करेंगे कप्तानी

Posted on: 2026-06-08


नई दिल्ली, 08 जून।ऑस्ट्रेलिया को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से पहले बड़ा झटका लगा है। कप्तान मिचेल मार्श और स्टार बल्लेबाज़ ट्रैविस हेड इस श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में जोश इंगलिस टीम की कप्तानी संभालेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को उक्त जानकारी दी।

मार्श और हेड हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ 2-1 से गंवाई गई एकदिवसीय श्रृंखला में भी नहीं खेले थे। मार्श अभी टखने की चोट से उबर रहे हैं, जबकि हेड को निजी कारणों से अवकाश दिया गया है।

ऑस्ट्रेलिया को एक और झटका लेग स्पिनर तनवीर संघा के रूप में लगा है। पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मुकाबले के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिसके कारण वे बांग्लादेश दौरे से बाहर हो गए हैं।

हालांकि मिचेल मार्श टीम के साथ बांग्लादेश जाएंगे और वहीं पुनर्वास प्रक्रिया जारी रखेंगे। उम्मीद की जा रही है कि वह इसके बाद होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला तक वापसी कर सकते हैं।

पाकिस्तान दौरे के बाद स्वदेश लौटने वाले युवा बल्लेबाज़ ओली पीक और हरफनमौला खिलाड़ी मैट शॉर्ट अब टीम के साथ बने रहेंगे। वहीं तनवीर संघा की जगह ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी को टीम में शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा कि तनवीर संघा की चोट के कारण वह दौरे में आगे हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि टीम को उम्मीद थी कि मिचेल मार्श वनडे श्रृंखला तक फिट हो जाएंगे, लेकिन उन्हें अभी और समय चाहिए।

बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की एकदिवसीय टीम:

जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कॉनोली, बेन ड्वार्शुइस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश इंगलिस (कप्तान), मैथ्यू कुहनेमन, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट, एडम ज़म्पा।

बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम:

मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनोली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, एरॉन हार्डी, जोश इंगलिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमन, राइली मेरिडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, एडम ज़म्पा।