मुख्यमंत्री साय आज श्रमिकों के मेधावी बच्चों को करेंगे सम्मानित

Posted on: 2026-06-05


रायपुर 05 जून। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शुक्रवार काे रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। यह कार्यक्रम 'मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना' के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन प्रदान करना है।

इस अवसर पर वर्ष 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत श्रमिक परिवारों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं इन छात्रों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगे।

योजना के तहत चयनित प्रत्येक मेधावी छात्र को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए आने-जाने की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु दोपहिया वाहन खरीदने के लिए 1 लाख रुपये का अतिरिक्त अनुदान भी प्रदान किया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक विद्यार्थी को कुल 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल न केवल मेधावी छात्रों की प्रतिभा को सम्मान देने का प्रयास है, बल्कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है। इससे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ेगा और अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।