शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में निचले स्तर से रिकवरी का रुख, हरे निशान में पहुंचे सेंसेक्स और निफ्टी

Posted on: 2026-06-04


नई दिल्ली, 04 जून । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से रिकवरी होती हुई नजर आ रही है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई । बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव पड़ने पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की कमजोरी और बढ़ गई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इन दोनों सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी एंटरप्राइजेज, एटरनल, टाइटन कंपनी, टेक महिंद्रा और अदानी पोर्ट्स के शेयर 1.53 प्रतिशत से लेकर 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ट्रेंट लिमिटेड, टीएमपीवी, आयशर मोटर्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और इन्फोसिस के शेयर 2.38 प्रतिशत से लेकर 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ तापमान करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,688 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,696 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 992 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में और 27 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स 410.34 अंक की गिरावट के साथ 73,935.83 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव पड़ने पर यह सूचकांक फिसल कर 73,807.30 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार हो रही खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 8.17 अंक की मामूली मजबूती के साथ 74,354.34 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 123.15 अंक टूट कर 23,282.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली शुरू हो जाने के कारण थोड़ी देर में ही यह सूचकांक लुढ़क कर 23,247.30 अंक के स्तर तक चला गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 2.75 अंक की सांकेतिक बढ़त के साथ 23,408.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 303.67 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,346.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 77.95 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,405.60 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।