कोलंबो, 02 जून । श्रीलंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) 2026 में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आगामी सत्र में पहली बार इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट नियम लागू किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक टीम के लिए प्लेइंग इलेवन में कम से कम एक अंडर-23 खिलाड़ी को शामिल करना अनिवार्य होगा। खास बात यह है कि इम्पैक्ट सब के इस्तेमाल के बाद भी टीम में अंडर-23 खिलाड़ी का होना जरूरी रहेगा।
सोमवार को कोलंबो में आयोजित एलपीएल 2026 ड्राफ्ट के दौरान इन नए नियमों की जानकारी दी गई। इन बदलावों के कारण सभी पांच फ्रेंचाइजी को अपनी टीमों का चयन काफी रणनीतिक तरीके से करना पड़ा।
अंडर-23 खिलाड़ियों की सीमित उपलब्धता के कारण फ्रेंचाइजियों के सामने टीम संयोजन की चुनौती रही। कई प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी जुलाई में भारत के खिलाफ होने वाली अंडर-19 श्रृंखला के कारण टूर्नामेंट में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
निसांका और पथिराना चोटिल
ड्राफ्ट के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि पथुम निसांका और मथीशा पथिराना चोट से जूझ रहे हैं। निसांका को वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनके कार्यभार को नियंत्रित किया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार वह भारत के श्रीलंका दौरे से पहले पूरी तरह फिट होने के लिए सर्जरी भी करा सकते हैं।
चार टीमों के बदले नाम और नए मालिक
एलपीएल 2026 में चार फ्रेंचाइजियों ने नए मालिक और कोचिंग स्टाफ के साथ नए नाम भी अपनाए हैं। जो निम्न हैं...
जाफना → एससी जाफना किंग्स
गॉल → गॉल ग्लैडिएटर्स
कैंडी → कैंडी रॉयल्स
कोलंबो → कोलंबो कैप्स
केवल दांबुला सिक्सर्स का नाम और पहचान यथावत रही।
ड्राफ्ट में इन खिलाड़ियों पर रही नजर
ड्राफ्ट में भारतीय क्रिकेटर विजय शंकर, उभरते तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा, पाकिस्तान के विस्फोटक बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, अनुभवी एंजेलो मैथ्यूज और दिनेश चांदीमल जैसे खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान रहा।
इसके अलावा अविष्का फर्नांडो और चरिथ असलंका पहले दौर के प्रमुख चयन रहे, जबकि विदेशी खिलाड़ियों में रहमानुल्लाह गुरबाज और मोहम्मद नवाज सबसे चर्चित नाम रहे।
प्रमुख प्री-साइनिंग खिलाड़ी
एससी जाफना किंग्स: तस्किन अहमद, दुनिथ वेल्लालागे, शाकिब अल हसन, भानुका राजपक्षे
गॉल ग्लैडिएटर्स: लिटन दास, ईशान मलिंगा, रासी वान डेर डुसेन, दासुन शनाका
कैंडी रॉयल्स: विजय शंकर, एंजेलो मैथ्यूज, मोईन अली, वानिंदु हसरंगा
कोलंबो कैप्स: बेन मैकडरमॉट, कमिंदु मेंडिस, जिमी नीशम, कुसल मेंडिस
दांबुला सिक्सर्स: रीजा हेंड्रिक्स, दिनेश चांदीमल, साहिबजादा फरहान, दुष्मंथा चमीरा
एलपीएल 2026 में नए नियमों और बदले हुए टीम ढांचे के साथ टूर्नामेंट के और अधिक प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद की जा रही है। इम्पैक्ट सब और अंडर-23 नियम से युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलने के साथ-साथ टीमों की रणनीति में भी नया आयाम देखने को मिलेगा।