उतार चढ़ाव के बीच गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों ने कमाया मुनाफा

Posted on: 2026-05-30


नई दिल्ली, 30 मई । बकरीद की छुट्टी के कारण सिर्फ चार कारोबारी दिन वाले पिछले सप्ताह में शेयर बाजार लगातार उतार-चढ़ाव का सामना करता रहा। इन चार दिनों के कारोबार के बाद शेयर बाजार साप्ताहिक आधार पर गिरावट के साथ बंद हुआ। बीएसई का सेंसेक्स पिछले सप्ताह के कारोबार में 639.61 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,775.74 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी साप्ताहिक आधार पर 171.55 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,547.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के दौरान शांति वार्ता के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता, विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली और चुनिंदा स्टॉक्स में हो रही प्रॉफिट बुकिंग की वजह से शेयर बाजार पर दबाव बना रहा। इसी दबाव के कारण निवेशक पूरे सप्ताह सतर्क मुद्रा में कारोबार करते हुए नजर आए, जिसका परिणाम बाजार की गिरावट के रूप में दिखाई दिया।

इसके अलावा ग्लोबल इंडेक्स प्रोवाइडर एमएससीआई द्वारा इंडियन स्टॉक मार्केट में लिस्टेड शेयरों की री-बैलेंसिंग के कारण भी घरेलू शेयर बाजार के प्रदर्शन पर असर पड़ा। री-बैलेंसिंग की वजह से भारतीय बाजार से विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा बड़े पैमाने पर पैसे की निकासी की गई, जिसने अंततः शेयर बाजार के मूड को बिगाड़ने का काम किया।

पिछले सप्ताह के कारोबार में निफ्टी का लार्ज कैप इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर कमजोर प्रदर्शन करके बंद हुआ। पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान निफ्टी लार्ज कैप इंडेक्स में 0.25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह सूचकांक इसके पहले के सप्ताह के 24,669 अंक के स्तर से फिसल कर 24,608 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल इंटर ग्लोब एविएशन, आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, ओएनजीसी और टाटा स्टील के शेयर साप्ताहिक के आधार पर तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट का शिकार हो गए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी, लार्सन एंड टूब्रो और इंफोसिस के शेयर साप्ताहिक आधार पर मुनाफा कमाने में सफल रहे।

लार्ज कैप के विपरीत निफ्टी के मिडकैप इंडेक्स ने पिछले सप्ताह के कारोबार में अपनी बढ़त बनाए रखी। सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद मिडकैप इंडेक्स साप्ताहिक आधार पर 0.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इस इंडेक्स में शामिल आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल ऐसेट मैनेजमेंट कंपनी, अदानी टोटल गैस, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, एक्साइड इंडस्ट्रीज, प्रेमियर एनर्जीज और हिताची एनर्जी इंडिया के शेयर टॉप परफॉर्मर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, रेल विकास निगम, भारत डायनामिक्स, कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया, एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स और पीबी फिनटेक के शेयर टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

इसी तरह निफ्टी के स्मॉलकैप इंडेक्स ने पिछले सप्ताह के कारोबार में एक प्रतिशत की तेजी हासिल करने में सफलता हासिल की। इस इंडेक्स में शामिल नेट वेव टेक्नोलॉजीज इंडिया, वोक्हार्ट, ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, आईएफसीआई और एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स के शेयर में साप्ताहिक आधार पर 12 से 28 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, नैटको फार्मा, मीशो, बेईएमएल, ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कंपनी, जेएसडब्ल्यू सीमेंट, शारदा एनर्जी एंड मिनरल्स और ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन के शेयर साप्ताहिक आधार पर 6 से 15 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेक्टोरल परफॉर्मेंस की बात करें, तो पिछले सप्ताह के कारोबार में स्टॉक मार्केट के ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। बीएसई के टेलीकम्युनिकेशन, पावर, कैपिटल गुड्स और पीएसयू बैंक इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। इसी तरह ऑटोमोबाइल और रियल्टी इंडेक्स भी साप्ताहिक आधार पर मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, एनर्जी और हेल्थकेयर इंडेक्स में साप्ताहिक आधार पर गिरावट दर्ज की गई।

स्टॉक मार्केट में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) और घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले सप्ताह के कारोबार में एक बार फिर एफआईआई शुद्ध बिकवाल बने रहे। दूसरी ओर, डीआईआई लिवाली कर स्टॉक मार्केट को सहारा देने की कोशिश में लगे रहे। पिछले सप्ताह के चार कारोबारी दिन में एफआईआई ने 23,734.68 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की। दूसरी ओर, इसी अवधि में डीआईआई ने 25,803.45 करोड़ रुपये की खरीदारी कर शेयर बाजार को बड़ी गिरावट का शिकार होने से बचा लिया।