‘बंदर’ से बॉबी का खास रिश्ता, बहनों को लेकर साझा की भावुक यादें

Posted on: 2026-05-30


मुंबई । अभिनेता बॉबी देओल ने अपनी आगामी फिल्म ‘बंदर’ को लेकर एक भावुक खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में निभाया गया उनका किरदार उनकी निजी जिंदगी और बचपन की भावनाओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। बॉबी ने कहा कि बहनों को लेकर उनके मन में हमेशा एक डर और चिंता रही, जिसने उन्हें इस किरदार को समझने में मदद की।

अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बंदर’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। फिल्म में बॉबी देओल समीर मेहरा नाम के एक ढलते हुए पॉप स्टार की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी जिंदगी यौन शोषण के गंभीर आरोपों के बाद पूरी तरह बदल जाती है। कोर्टरूम ड्रामा, मीडिया ट्रायल और व्यक्तिगत संघर्षों के बीच उसका सच साबित करने का सफर फिल्म की मुख्य कहानी है।

अपने किरदार पर बात करते हुए बॉबी देओल ने कहा कि वे ऐसे माहौल में बड़े हुए हैं जहां बहनों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे। उन्होंने बताया कि एक पुरुष-प्रधान समाज में पले-बढ़ने के कारण उनके मन में यह डर हमेशा बना रहा कि बहनों के साथ आगे चलकर कैसा व्यवहार होगा और उनका जीवन कैसा रहेगा। यही भावनाएं फिल्म के किरदार को निभाते समय भी उनके साथ रहीं।

फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जो इससे पहले कई चर्चित और सराही गई परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं। निखिल द्विवेदी के बैनर के तहत बनी इस फिल्म को ज़ी स्टूडियोज का सहयोग प्राप्त है।

दमदार अभिनय, गहरे भावनात्मक संघर्ष और सामाजिक सवालों को उठाती ‘बंदर’ 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।