बीजापुर , 26 मई । भीषण गर्मी के बीच बीजापुर बस स्टैंड में यात्रियों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बस स्टैंड परिसर में लगा वाटर कूलर कई दिनों से खराब पड़ा है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। दूर-दराज गांवों से आने वाले यात्री, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे इस तपती गर्मी में पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
यात्रियों का कहना है कि, बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर पानी जैसी बुनियादी सुविधा का बंद होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। लोगों ने बताया कि, गर्मी लगातार बढ़ रही है, और ऐसे समय में ठंडे पानी की व्यवस्था बेहद जरूरी है। लेकिन खराब वाटर कूलर के कारण यात्रियों को या तो दुकानों से पानी खरीदना पड़ रहा है, या फिर बिना पानी के ही इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द वाटर कूलर सुधारने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।