ताइपे कैपिटल कप वर्ल्डस्किल्स टूर्नामेंट के लिए भारतीय दल रवाना, जयंत चौधरी ने दी शुभकामनाएं

Posted on: 2026-05-25


नई दिल्ली, 25 मई । ताइवान की राजधानी ताइपे में 26 से 28 मई तक आयोजित होने वाले ताइपे कैपिटल कप वर्ल्डस्किल्स इनविटेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने वाला भारतीय दल सोमवार को ताइवान रवाना हो गया।

केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने सोमवार को यहां से इस दल को रवाना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और आत्मविश्वास एवं अनुशासन के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, एनएसडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुणकुमार पिल्लई और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

पांच सदस्यीय भारतीय दल इस अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक और तकनीकी कौशल प्रतियोगिता में करीब 15 देशों के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा। यह आयोजन वर्ल्डस्किल्स शंघाई से पहले एक वार्म‑अप इवेंट के रूप में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य वैश्विक कौशल विकास, तकनीकी उत्कृष्टता, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और कार्यबल नवाचार को बढ़ावा देना है, साथ ही प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वास्तविक प्रतिस्पर्धी अनुभव प्रदान करना है।

चौधरी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्कृष्टता के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करें और इस अवसर का उपयोग वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता मानकों से सीखने में करें। ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल तकनीकी क्षमताओं को निखारती हैं बल्कि भारत के कौशल पारिस्थितिकी तंत्र को भी मजबूत करती हैं और युवाओं को उभरते वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करती हैं।

उन्होंने कहा कि टीम इंडिया से बातचीत कर खुशी हुई। ये वैश्विक मंच केवल पदक जीतने के लिए नहीं हैं, बल्कि ऐसे अनुभवों के लिए हैं जो आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और जीवनभर की यादें देते हैं।

भारत इस प्रतियोगिता में पांच कौशल श्रेणियों में भाग लेगा। अर्जुन सुमथि विजयभास्कर मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट, मोहम्मद मफाज़ पूनैकन्नन रबी अहमद सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन डेवलपमेंट, मुस्कान पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग, मोहम्मद सिराज ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी और सुरेश कुमार गणेशन मीना डिजिटल कंस्ट्रक्शन में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। दल में इंडिया स्किल्स नेशनल प्रतियोगिता 2025‑26 के स्वर्ण पदक विजेता और वाइल्डकार्ड एंट्री प्रक्रिया से चुने गए प्रतिभागी शामिल हैं।

इस वर्ष की प्रतियोगिता में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में 10 कौशल श्रेणियां शामिल हैं, जिनमें इंडस्ट्रियल मैकेनिक्स, आईटी नेटवर्क सिस्टम्स एडमिनिस्ट्रेशन, मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट, इंडस्ट्री 4.0, ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी और डिजिटल कंस्ट्रक्शन (बीआईएम) प्रमुख हैं।