विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा देशः डॉ. वीरेन्द्र कुमार

Posted on: 2026-05-23


जबलपुर, 23 मई । केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार शनिवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में मदन महल स्थित कमेटी हॉल में आयोजित 19वें रोजगार मेले को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब तक देशभर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 11.39 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आज देश के 47 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले में रेलवे, बैंकिंग, पोस्टल सहित विभिन्न विभागों में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जबलपुर में 201 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

डॉ. कुमार ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, कौशल विकास और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को नई संभावनाएं प्रदान की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुद्रा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से देश के करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने युवाओं से नौकरी चाहने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच भारत ने आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 74 हवाई अड्डे संचालित थे, जबकि मार्च 2025 तक इनकी संख्या बढ़कर 160 हो चुकी है। उड़ान योजना के तहत 625 नए हवाई मार्ग शुरू किए गए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिली है।

शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में 7 नए आईआईटी, 16 ट्रिपल आईटी, 7 आईआईएम, 15 एम्स और 390 नए विश्वविद्यालय स्थापित किए गए हैं। मेडिकल शिक्षा में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा मेडिकल सीटों की संख्या 80 हजार से बढ़कर 1.70 लाख से अधिक हो गई है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और स्टार्टअप इंडिया अभियान की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। डॉ. कुमार ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में 500 से कम स्टार्टअप थे, जबकि आज उनकी संख्या 2 लाख से अधिक हो चुकी है और भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। इससे प्रधानमंत्री मोदी के डीजल, पेट्रोल बचाव के आव्हान पर केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार सर्किट हाऊस से मदन महल उत्सव कम्युनिटी हॉल तक ई-रिक्शा से पहुंचे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मिक, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी एवं विधायक डॉ. अभिलाष पांडे सहित रेलवे, बैंकिंग और पोस्टल विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।