रायपुर 23 मई। छत्तीसगढ़ के उभरते हुए युवा एथलीट अनिमेष कुजुर ने नेशनल फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बिरसा मुंडा स्टेडियम रांची में आयोजित हो रही 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन चैंपियनशिप में उन्होंने 10.15 सेकेंड का समय निकालकर भारतीय एथलेटिक्स में नया इतिहास रच दिया।
अनीमेश की इस उपलब्धि को देश के ट्रैक एंड फील्ड इतिहास में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि 100 मीटर जैसी स्पर्धा में इस स्तर का समय भारतीय स्प्रिंटिंग के बढ़ते स्तर को दर्शाता है। उनके प्रदर्शन के बाद खेल जगत में खुशी की लहर है और उन्हें देश के भविष्य के शीर्ष स्प्रिंटर्स में से एक माना जा रहा है।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनीमेश ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो राज्य के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे राज्य की पहचान खेल के क्षेत्र में भी मजबूत हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनीमेश आने वाले समय में और बड़े मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
इस रिकॉर्ड के बाद राज्यभर में खेल प्रेमियों और खेल संगठनों ने अनीमेश को शुभकामनाएं दी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक सकारात्मक संकेत है और इससे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अनिमेष कुजुर की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है।