वीकेंड पर एंटरटेनमेंट होगा भरपूर, ओटीटी पर आ रही हैं ये शानदार साउथ फिल्में और सीरीज

Posted on: 2026-05-23


इस हफ्ते अगर आप ओटीटी पर कुछ नया और अलग देखना चाहते हैं, तो ये लिस्ट आपके लिए हैं. 18 मई से 24 मई तक, ओटीटी पर कई साउथ की फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं. रोमांटिक, हॉरर, कॉमेडी और एक्शन से भरपूर ये फिल्में आपके वीकेंड को शानदार बना देंगी. तो आइए इस लिस्ट पर एक नजर डालते हैं.

मधुविधु - विष्णु अरविंद के निर्देशन में बनी ये मलयालम फिल्म रिश्तों और शादीशुदा जिंदगी की उलझनों को दिखाती है. फिल्म में शराफ उ दीन, जगदीश, साईकुमार और कल्याणी पैनीकर लीड रोल में हैं. कहानी एक नए शादीशुदा कपल के इर्द-गिर्द है, जिसकी जिंदगी धीरे-धीरे तनाव से भर जाती है. ये फैमिली ड्रामा 22 मई से Sony LIV पर स्ट्रीम होगा.

सतन: द डार्क - मणिकंदन रामालिंगम द्वारा निर्देशित ये फिल्म साइकोलॉजिकल, हॉरर, थ्रिलर, डर और रहस्य से भरपूर है. फिल्म में फेड्रिक जॉन, आर्या पलक और चांदनी तमिलारासन लीड रोल में नजर आएंगे. कहानी एक ऐसे गांव की है, जहां अधूरी तांत्रिक क्रिया के बाद खतरनाक श्राप फैल जाता है. हालांकि सालों बाद एक युवक उस श्राप का सामना करता है. ये फिल्म 20 मई को अमेजन प्राइम वीडियो और अहा वीडियो पर रिलीज होगी.

साथी लीलावती - ततिनेनी सत्या के निर्देशन में बनी ये रोमांटिक कॉमेडी रिश्तों की मुश्किलों को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाती है. फिल्म में लावन्या त्रिपाठी, देव मोहन और मैडोना सेबेस्टियन लीड रोल में हैं. कहानी एक सफल फिल्ममेकर और उसके पति के रिश्ते में बढ़ती गलतफहमियों की है. ये तेलुगु-तमिल फिल्म 20 मई से सन नेक्स्ट पर स्ट्रीम होगी.

भीष्मार - ईस्ट कोस्ट विजयन द्वारा निर्देशित ये मलयालम रोमांटिक कॉमेडी थ्रिलर मनोरंजन और सस्पेंस का शानदार मिश्रण है. फिल्म में ध्यान श्रीनिवासन, विष्णु उन्नीकृष्णन और दिव्य पिल्लई लीड रोल में हैं. कहानी मुरुगन नाम के युवक की है, जो अनजाने में खतरनाक हालात में फंस जाता है. ये फिल्म 22 मई से अमेजन प्राइम वीडियो और सन नेक्स्ट पर रिलीज होगी.

सेषा 2016 - प्रदीप आर्सिके के निर्देशन में बनी ये कन्नड़-मलयालम क्राइम थ्रिलर पूरी कहानी सिर्फ एक रात में दिखाती है. फिल्म में देवराज, प्रमोद शेट्टी और सृजित रवि लीड रोल में हैं. कहानी संघर्ष और जान बचाने की जद्दोजहद के बीच आगे बढ़ती है. धीरे-धीरे हालात इतने खतरनाक हो जाते हैं कि हर किरदार मुश्किल में फंस जाता है. ये क्राइम थ्रिलर 22 मई से सन नेक्स्ट पर आएगी.

वारंट - ये तमिल क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज विलांगु यूनिवर्स का हिस्सा है. सीरीज में प्रशांत पांडियाराज ने कोट्टई करुप्पासामी का किरदार निभाया है. कहानी एक ऐसे कॉन्स्टेबल की है, जिसे लोग कमजोर समझते हैं, लेकिन समय के साथ वही खतरनाक और इंसाफ देने वाला पुलिसकर्मी बन जाता है. एक्शन और क्राइम से भरपूर ये सीरीज 22 मई से जी5 पर स्ट्रीम होगी.

मेमू कोपुलम - प्रदीप मद्दली द्वारा निर्देशित ये कॉमेडी-मिस्ट्री सीरीज गांव की दिलचस्प कहानी दिखाती है. कहानी एक मशहूर मुर्गे 'सलार राजू' के गायब होने से शुरू होती है. केस सुलझाने के लिए दो नए पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी मिलती है, लेकिन उनकी जांच बड़े रहस्य तक पहुंच जाती है. हल्की-फुल्की कॉमेडी और सस्पेंस से भरी ये सीरीज 22 मई से जी5 पर उपलब्ध है.