राष्ट्रीय महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना संरक्षण केंद्र (एनसीआईआईपीसी)
के महानिदेशक नवीन कुमार सिंह ने आज कहा कि भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था से 2030 तक देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में लगभग
20 प्रतिशत का योगदान होने की उम्मीद है।
वे नई दिल्ली में एफआईसीसी के साइबरकॉम 2026 के 7वें संस्करण के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
श्री सिंह ने आगे कहा कि भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व का अग्रणी देश बनकर उभरा है और उसने एक समावेशी और लोकतांत्रिक डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना मॉडल विकसित किया है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि यूपीआई, ऑप्टिकल फाइबर विस्तार, डिजिटल शासन और कागज रहित प्रणालियों जैसी पहलों के माध्यम से देश नकदी आधारित अनौपचारिक अर्थव्यवस्था से उच्च उत्पादकता वाली डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर हुआ है।