महासमुंद : आकाशीय बिजली गिरने से घर में लगी आग, फसल की रखवाली कर रहे किसान की माैत

Posted on: 2026-05-15


महासमुंद, 15 मई। जिले में बीती रात अचानक माैसम ने करवट ली और तेज तूफान के साथ गरज चमक के साथ बारिश हाेने लगी। इसी के साथ आकाशीय बिजली गिरने से जहां खेत में फसल की रखवाली कर रहे किसान की मौत हो गई, वहीं एक खपरैल वाले घर में आग लग गई।

पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र की है। ग्राम पिरदा छापाडबरी खार निवासी धर्मसिंह गोंड (50 वर्ष) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70 वर्ष) के साथ बीती रात मूंगफली खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बनाए मचान पर सोया था। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से जहां धर्मसिंह गोंड की मौत हो गई, वहीं पिता पुनीत राम गोंड घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए तुमगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया है।

दूसरी घटना कोमाखान थाना क्षेत्र की है, जहां ग्राम बाघामुड़ा में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल के घर आग लग गई। आग से घर में रखा सारा घरेलू सामान व गाड़ियों की सीट जल गई। आग लगने के दौरान पूरा परिवार खपरैल वाले मकान से सटे दो कमरों में था, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची महासमुंद व बागबाहरा की फायर ब्रिगेड वाहन ने आग पर काबू पाया।