केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली में एमएलएफएफ की बाधा रहित टोल प्रणाली का उद्घाटन किया।

Posted on: 2026-05-11


सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) बैरियर-रहित टोल संग्रह प्रणाली के शुभारंभ के साथ भारत ने प्रौद्योगिकी-आधारित राजमार्ग प्रबंधन के एक नए युग में प्रवेश कर लिया है। नई दिल्ली के मुंडका बक्करवाला टोल प्लाजा पर इस उन्नत टोल प्रणाली का उद्घाटन करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि इस पहल से टोल प्लाजा पर लगने वाला लंबा इंतजार समाप्त हो जाएगा और ईंधन की बर्बादी, प्रदूषण और यात्रा में होने वाली देरी में उल्लेखनीय कमी आएगी। 
 
मंत्री जी ने कहा कि इस पहल से 285 करोड़ रुपये के ईंधन की बचत होगी और हर साल 81 हजार टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। श्री गडकरी ने बताया कि एमएलएफएफ प्रणाली में फास्टैग, स्वचालित नंबर प्लेट पहचान तकनीक और एआई-आधारित कैमरों का उपयोग किया गया है, जिससे वाहनों को रोके बिना ही टोल वसूला जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वाहन चालक 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टोल कॉरिडोर से गुजर सकेंगे और टोल का भुगतान स्वचालित रूप से हो जाएगा।
 
मंत्री ने कहा कि टोल वसूली में परिचालन लागत, जो पहले लगभग 15 प्रतिशत थी, अब घटकर लगभग 3 से 4 प्रतिशत हो जाएगी, जिससे सालाना लगभग छह से सात हजार करोड़ रुपये की बचत होगी।