छत्तीसगढ़ के बालोद में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर , तीन युवकों की मौत

Posted on: 2026-05-09


बालाेद 09 मई । छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरीडीह गांव के पास बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई ।

डौंडीलोहारा टीआई सुनील तिर्की ने बताया कि पिंकापार गांव के तरुण यादव (20 वर्ष), राहुल सेवता (20 वर्ष) एवं नरेंद्र भुआर्या (21 वर्ष) एक ही मोटरसाइकिल से देवरी से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। देर रात खैरीडीह के समीप सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है, जबकि कार चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश जारी है।