आआपा की सरकार पर भाजपा का आरोप, पंजाब को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है

Posted on: 2026-05-08


नई दिल्ली, 08 मई । पंजाब की राजनीति में भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी (आआपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में साफ-सुथरी राजनीति का दावा करने वाली पार्टी की सच्चाई अब सामने आ रही है।

उन्होंने कहा कि जो लोग ईमानदारी के प्रमाणपत्र बांटते थे, आज उनके करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर छापे पड़ रहे हैं।

तरुण चुग ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि पंजाब की जनता ने बदलाव के नाम पर आआपा को मौका दिया था लेकिन आज राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

राज्य में माफिया मजबूत हुए हैं और भ्रष्टाचार पूरे सिस्टम में फैल चुका है। उन्होंने कहा कि, “लूट की स्थिति ऐसी है कि दिल्ली से भेजे गए लोग और पंजाब से चुने गए नेता, दोनों इसमें शामिल हैं। पंजाब को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है।”

एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की वंदे मातरम पर टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा, “वंदे मातरम 150 वर्षों से अधिक समय से स्वतंत्रता सेनानियों की घोषणा है। यह अंग्रेजों के विरुद्ध एक नारे के समान था। जो लोग वंदे मातरम के विरोधी हैं, वे बौद्धिक रूप से बेईमान हैं। वंदे मातरम का जाप करना केवल एक सरकारी आदेश नहीं है बल्कि भारत के नागरिकों के लिए गर्व का विषय है।