घायल युवक के ऑपरेशन में लापरवाही, नस कट जाने से मौत

Posted on: 2026-05-06


बिलासपुर। सिम्स के डॉक्टरों पर सड़क हादसे में मामूली रूप से घायल आदिवासी युवक के पैर का गलत ऑपरेशन करने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान पैर की नस काट दी गई, जिससे मरीज की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना से नाराज परिजनों ने सर्व आदिवासी समाज के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि सीनियर डॉक्टर की जगह जूनियर डॉक्टरों ने इलाज में लापरवाही बरती और गलत तरीके से ऑपरेशन किया, जिसके चलते घायल युवक की जान चली गई।

उन्होंने डॉक्टरों की विशेष टीम गठित कर मामले की जांच कराने और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा निवासी महेश सिंह राज (28) बीते शनिवार को रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए निकला था, जहां उसकी पत्नी की डिलीवरी होने वाली थी। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।

हादसे में उसके पैर में चोट आई। घायल होने के बाद उसने अपने परिजनों के साथ डायल 112 पर कॉल किया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लाया गया। महेश के भाई चरण सिंह राज ने बताया कि हादसे में महेश का पैर फ्रैक्चर हो गया था। सिम्स में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पैर की टूटी हुई हड्डी को जोड़ने के लिए ऑपरेशन करने की जानकारी दी। इसके बाद उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया, लेकिन ऑपरेशन के बाद महेश को होश नहीं आया। देर रात डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई।