Posted on:
रोमानिया के प्रधानमंत्री इली बोलोजान की सरकार आज संसद में अविश्वास प्रस्ताव हारने के बाद गिर गई, जिससे देश में राजनीतिक अनिश्चितता का माहौल बन गया है। सोशल डेमोक्रेट्स, जो पिछले महीने अलोकप्रिय वित्तीय कटौती के कारण गठबंधन से अलग हो गए थे, ने मुख्य धुर दक्षिणपंथी विपक्षी दल के साथ मिलकर अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। सांसदों ने प्रधानमंत्री इली बोलोजान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया। 464 सीटों वाली संसद में इस प्रस्ताव को 281 मत प्राप्त हुए।
नेशनल लिबरल पार्टी के सदस्य बोलोजान ने जून 2025 में पदभार संभाला। उनकी सरकार को मितव्ययिता उपायों और रणनीतिक राज्य संपत्तियों को बेचने की योजनाओं को लेकर बढ़ती आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसने मूल सत्तारूढ़ गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी, सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी से कड़ा विरोध उत्पन्न किया।
अप्रैल में, सोशल डेमोक्रेट्स ने अपना राजनीतिक समर्थन वापस ले लिया और अपने मंत्रियों को मंत्रिमंडल से हटा लिया, साथ ही बोलोजान के इस्तीफे की मांग की, जिसे अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद पार्टी ने प्रमुख विपक्षी समूहों और स्वतंत्र सांसदों के साथ मिलकर अप्रैल के अंत में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया।