सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने संचार विशेषज्ञ प्रसून जोशी को भारत के सार्वजनिक सेवा प्रसारक प्रसार भारती का अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्री जोशी का कार्य प्रशंसित फिल्म गीतों, विज्ञापन अभियानों और सामाजिक रूप से प्रासंगिक कहानियों के माध्यम से देश भर के विभिन्न दर्शकों से जुड़ने में उत्कृष्ट रहा है।
उनकी नियुक्ति पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि श्री जोशी एक विलक्षण रचनात्मक प्रतिभा के धनी हैं, जिन्हें विज्ञापन, साहित्य, कला और सिनेमा जगत में विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त है। श्री वैष्णव ने आगे कहा कि जोशी के शब्दों में मिट्टी की सुगंध समाहित है और उनकी दूरदृष्टि देश की शाश्वत संस्कृति के सार को प्रतिबिंबित करती है।
मंत्री जी ने संतोष व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा, गहरा उद्देश्य और एक नई रचनात्मक शैली प्राप्त होगी। इससे पहले, श्री जोशी मुंबई स्थित केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।