जोरदार उछाल के बाद ऊपरी स्तर से 45 प्रतिशत तक लुढ़का शेयर बाजार, जानिए उतार-चढ़ाव की वजह

Posted on: 2026-04-29


नई दिल्ली, 29 अप्रैल । मंगलवार को बड़ी गिरावट का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार आज एक बार फिर मजबूती के साथ हरे निशान में बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी ने जोरदार तेजी दिखाई। दोपहर एक बजे तक दोनों सूचकांक 1.4 प्रतिशत से अधिक की मजबूती हासिल कर चुके थे। हालांकि यह तेजी टिक नहीं सकी। दोपहर 1:30 बजे के बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 486.15 अंक फिसल गया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 157.05 अंक लुढ़क गया। ये दोनों सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से लगभग 45 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि एशियाई बाजार के मजबूत संकेत, घरेलू संस्थागत निवेशकों की जोरदार खरीदारी और छोटे निवेशकों द्वारा निचले स्तर से की गई वैल्यू बाइंग की वजह से आज दिन के पहले सत्र में लगातार मजबूती का माहौल बना रहा। दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमत में आई जोरदार तेजी और इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स की चाल में आए उछाल ने दिन के दूसरे सत्र में बाजार में बिकवाली का दबाव बना दिया।

कैपेक्स गोल्ड एंड इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ राजीव दत्ता के अनुसार आज एशिया के ज्यादातर बाजार मजबूती के साथ कारोबार करते रहे। हैंग सेंग इंडेक्स, कोस्पी इंडेक्स, सेट कंपोजिट इंडेक्स, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में लगातार तेजी बनी रही। एशिया के इन प्रमुख बाजारों की तेजी से घरेलू शेयर बाजार को भी सपोर्ट मिला।

एशियाई बाजार से मिले सपोर्ट के कारण घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी आज एक बार फिर खुल कर खरीदारी की। मंगलवार को भी डीआईआई ने घरेलू शेयर बाजार में 1,712.01 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। आज भी डीआईआई लगातार लिवाली करते रहे। इस खरीदारी से शेयर बाजार को काफी सपोर्ट मिला और पॉजिटिव सेंटिमेंट बन जाने के कारण लगातार खरीदारी होती रही।

इसके अलावा आज की तेजी की एक बड़ी वजह छोटे निवेशकों द्वारा निचले स्तर से की गई वैल्यू बाइंग भी रही। मंगलवार को शेयर बाजार में आई गिरावट के बाद रियल्टी, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के कई प्रमुख शेयरों का वैल्युएशन आकर्षक हो गया था। इस वजह से छोटे निवेशकों ने आज निचले स्तर से जम कर वैल्यू बाइंग की। इस खरीदारी के कारण भी शेयर बाजार की चाल में तेजी का रुख बना।

हालांकि दोपहर बाद शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव भी बन गया। राजीव दत्ता के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई जोरदार तेजी ने शेयर बाजार के माहौल पर भी काफी बुरा असर डाला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड आज 115.31 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया। इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी 104 डॉलर प्रति बैरल के स्तर के काफी करीब पहुंच गया। इस तेजी ने स्टॉक मार्केट के मूड को भी बिगाड़ने का काम किया।

दरअसल, कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी सीधे-सीधे भारतीय अर्थव्यवस्था की चाल को प्रभावित करती है। भारत अपनी जरूरत का करीब 88 प्रतिशत कच्चा तेल अंतरराष्ट्रीय बाजार से खरीदता है। ऐसी स्थिति में कच्चे तेल की कीमत में होने वाली बढ़ोतरी से व्यापार घाटा बढ़ने और महंगाई बढ़ने की भी आशंका बन जाती है। इसीलिए कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी का आज शेयर बाजार की चाल पर निगेटिव असर पड़ा।

इसके अलावा शेयर बाजार की घबराहट को आंकने वाले इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) में भी आज दोपहर बाद तेजी का रुख बन गया। इस वजह से भी निवेशकों ने बिकवाली कर अपना पैसा निकालना बेहतर समझा। यही कारण है कि आज दिन के पहले सत्र में और दूसरे सत्र में भी लगभग एक बजे तक तक बाजार जबरदस्त मजबूती के साथ कारोबार करता रहा लेकिन उसके बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक ऊपरी स्तर से लगभग 45 प्रतिशत तक लुढ़क कर बंद हुए।