धमतरी, 29 अप्रैल।धमतरी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सख्त रुख अपनाते हुए एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर हेरोइन (चिट्टा) का सेवन करते रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अब न सिर्फ मादक पदार्थों की तस्करी, बल्कि उनके सेवन पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत “ऑपरेशन निश्चय” सहित विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली कि भर्री पारा क्षेत्र में एक युवक खुलेआम नशा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जोधापुर वार्ड स्थित भर्री पारा पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपित धनेश्वर यादव उर्फ धन्नू (22 वर्ष), निवासी सोरिद, जोधापुर वार्ड, धमतरी के पास से 0.35 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जिसकी अनुमानित कीमत 7,000 रुपये, एक मोपेड (लगभग 40,000 रुपये), एक मोबाइल फोन (6,000 रुपये), लाइटर, सिल्वर कोटेड नोट सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 53,020 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देकर समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।